Sirsa News: सिरसा में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, चोरी के 7 मामलों का खुलासा, चोर गिरोह गिरफ्तार
चंडीगढ़: सिरसा पुलिस ने शहर थाना सिरसा और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में हुई चोरी की घटनाओं को सुलझाते हुए एक चोर गिरोह को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस संबंध में गिरोह के चार सदस्यों को काबू कर 7 वारदातों का खुलासा किया है। इस खास सफलता के पीछे शहर थाना सिरसा प्रभारी सत्यवान और उनकी टीम का कड़ा परिश्रम है।
आरोपियों की पहचान
शहर थाना सिरसा प्रभारी उप निरीक्षक सत्यवान ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विपिन कुमार पुत्र दुलीचंद, वीर सिंह पुत्र ओमप्रकाश, गोपी पुत्र राजेंद्र सिंह निवासियान गांव पंजुआना और सगनप्रीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी कोट कपूरा, पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर सिरसा के नोहरिया बाजार, चत्तरगढ़ पट्टी और प्रेम नगर क्षेत्र में हुई करीब 7 बारदातों को कबूल किया है।
चोरी के माल की बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुछ नगदी और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने शहर थाना सिरसा और सीआईए की विशेष पुलिस टीम का गठन किया था जिसने इन घटनाओं की जांच करते हुए जरूरी सुराग जुटाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों ने 23 जून की रात को नोहरिया बाजार क्षेत्र में स्थित सेठ नंदलाल वाली गली में एक घर से लाखों रुपए की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात की चोरी की थी। इसके अलावा 6 जुलाई की रात को नोहरिया बाजार की बावड़ी वाली गली स्थित एक मकान से सोना-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की थी। आरोपियों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चत्तरगढ़ पट्टी और प्रेम नगर क्षेत्र में स्थित चार मकानों से नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी चुराए थे।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान बाकी चोरीशुदा सामान भी बरामद किया जाएगा। पुलिस अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।